प्रभारी मंत्री लालचंद कटारिया।
- फोटो : सोशल मीडिया
बीकानेर जिला प्रभारी मंत्री लालचंद कटारिया शुक्रवार को जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर सरकार योजनाओं की समीक्षा की। इसके बाद प्रेसवार्ता कर सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
इस दौरान मंत्री कटारिया ने भाजपा को दंगा करने वाली पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा, भाजपा के लोग देश का सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। प्रदेश में कही भी कोई भी दंगा या झगड़ा होता है तो भाजपा के लोग वहां पहुंच जाते हैं और दंगा भड़काने का काम करते हैं।
इधर, प्रभारी मंत्री लालचंद कटारिया ने जिले के सभी उपखंडों पर पशु चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में चारे की कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों की टीमें नियमित निरीक्षण करें।
पशुपालकों की आवश्यकता के अनुसार चारा डिपो खोले जाएं। नहरबंदी के दौरान आवश्यकतानुसार टैंकर के माध्यम से लोगों को पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। टैंकर के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक राशि न वसूली जाए, इसका अधिकारीगण विशेष रूप से ध्यान रखें।
जिला प्रभारी मंत्री लालचंद ने कलेक्ट्रेट सभागार में स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कम प्रगति वाली योजनाओं से संबंधित विभागीय अधिकारियों को काम में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।