पीएम मोदी करेंगे जोधपुर दौरा, अमित शाह का उदयपुर, जेपी नड्डा का कोटा दौरा प्रस्तावित
- फोटो : फाइल फोटो।
राजस्थान में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकास कार्यों की सौगात देने का सिलसिला आचार संहिता लगने तक बरकरार रखेंगे। पिछले दिनों अजमेर में कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद अब पीएम मोदी का जुलाई में सीएम अशोक गहलोत और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के गृह क्षेत्र जोधपुर में जुलाई में आने की तैयारियाँ चल रही हैं। जबगकि गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का इसी जून महीने में राजस्थान आने का कार्यक्रम बन रहा है। पीएम मोदी जोधपुर में करीब 3000 करोड़ रुपए लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण कर सकते हैं। पीएम के दौरे की तारीख अभी पीएमओ से तय नहीं हुई है। बीजेपी के उच्च पदस्थ सूत्र बताते हैं कि जुलाई महीने में यह दौरा प्रस्तावित किया जा रहा है। मोदी जोधपुर में एक बड़ी जनसभा और कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।इनमें 307 करोड रुपए लागत से बनने वाले जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास, 425 करोड़ की लागत वाली जोधपुर रेलवे स्टेशन की नई टर्मिनल बिल्डिंग का शिलान्यास, 1700 करोड रुपए से ज्यादा की एलिवेटेड रोड का शिलान्यास, 450 करोड रुपए की लागत से एम्स में बनने वाले ट्रोमा सेंटर का शिलान्यास प्रस्तावित है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में पिछले 2 साल में हुए रेलवे लाइनों के इलेक्ट्रिफिकेशन और दोहरीकरण कार्य का लोकार्पण भी पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों करवाया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मेवाड़ और जेपी नड्डा हाड़ौती को साधने आएंगे
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी राजस्थान दौरा इसी महीने तय किया जा रहा है। सूत्र बताते हैं अमित शाह उदयपुर का दौरा करेंगे। कार्यक्रम की संभावित तारीख 23 जून बताई जा रही है। अमित शाह से पहले पीएम नरेंद्र मोदी मानगढ़ धाम में जनसभा कर चुके हैं। उदयपुर संभाग के माउंट आबू में भी मोदी जनसभा कर चुके हैं। आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र पर बीजेपी की पैनी चुनावी नजर है। मेवाड़ और वागड़ पर फोकस करके पार्टी काम कर रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी की सरकार नहीं बन पाने के बावजूद उदयपुर, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और राजसमंद की 23 में से 10 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली थी । जबकि सत्ता में आने वाली कांग्रेस को 9 ही सीटें मिल सकी थीं। अपने इसी गढ़ को मजबूत और सुरक्षित करने के लिए अमित शाह क्षेत्र में आ रहे हैं। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी कोटा दौरा तय किया जा रहा है । जो एक-दो दिन में तय हो जाएगा। जेपी नड्डा बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। एक कार्यक्रम में छात्रों के साथ उनका संवाद भी हो सकता है । कोटा को कोचिंग हब माना जाता है। पार्टी उनका छात्रों से संवाद का कार्यक्रम बना रही है, जिसमें यूथ पर फोकस रहेगा। नव मतदाताओं को पार्टी बीजेपी के साथ जोड़ने के लिए पार्टी राजस्थान में जोर लगाएगी।
अशोक गहलोत सरकार की योजनाओं का दिया जाएगा जवाब
प्रदेश की गहलोत सरकार ने महंगाई राहत कैंप और इससे पहले विधानसभा में पेश अपने अंतिम बजट में कई योजनाओं का पिटारा खोलकर चुनाव से पहले मास्टर कार्ड खेला है।
जिसके जवाब में केंद्र सरकार भी अलग-अलग क्षेत्रों के लिए सौगातें देकर विकास कार्यों के जरिए गहलोत सरकार को जनता के बीच जवाब देने की कोशिशों में जुटी है।