अरुण सिंह बोले- प्रदेश की गहलोत सरकार युवा, महिला, किसान और दलित विरोधी सरकार है। उन्होंने कहा- गहलोत सरकार देश विरोधियों का समर्थन करने वालों को संरक्षण देती है। साढ़े 4 सालों में प्रदेश खनन माफियाओं को गढ़ बन चुका है, बिगडी कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में अपराध चरम पर है। बीजेपी प्रदेश पदाधिकारी बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिला अध्यक्षों को बैठक में अरूण सिंह ने संगठन की आगामी कार्ययोजना भी बताई।
2023 में कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे- अरुण सिंह
अरुण सिंह ने कहा- भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, विधायक, सांसद , जनप्रतिनिधि और सभी कार्यकर्ता चुनावी साल में पूरी एकजुटता के साथ मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगा। सड़क से लेकर सदन तक प्रदेश की 8 करोड़ जनता के हितों की आवाज को बुलंद करेगा और बीजेपी प्रदेश कांग्रेस सरकार को 2023 में सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
देश की जनता का प्रेम और विश्वास पीएम मोदी के साथ- चंद्रशेखर
बीजेपी के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा- भाजपा के प्रति आमजन में विश्वास बढ़ रहा है। भाजपा करोडों कार्यकर्ताओं की संख्या के साथ दुनिया की सबसे बडा राजनीतिक दल बन चुका है। केन्द्र में भाजपा की प्रचण्ड बहुमत वाली सरकार भारत के नवनिर्माण में 365 दिन 24 घंटे काम कर रही है। भाजपा का जनता में विश्वास मजबूत हुआ है। कई राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा रिपीट होने वाली पार्टी बन चुकी है। इससे यह स्पष्ट होता है कि देश की जनता का प्रेम और विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ है, जो हर बार स्पष्ट जनादेश के रूप में भाजपा को मिलता है।
1 से 10 अप्रैल तक '' नमो वॉल्यूंटियर'' अभियान चलेगा
आगामी कार्ययोजना के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा- बीजेपी राजस्थान में अल्पकालीन विस्तारक शुरू करने जा रही है। इस अभियान में अल्पकालीन विस्तारकों को ”नमो वॉल्यूंटियर“ नाम दिया गया है। यह अभियान 1 अप्रैल से शुरू होकर 10 अप्रैल तक राजस्थान 200 विधानसभाओं में चलाया जाएगा। 6 अप्रैल को 1126 मंडलों पर भाजपा स्थापना दिवस मनाएगी। 4 अप्रैल से 14 अप्रैल तक सामाजिक न्याय सप्ताह कार्यक्रम किया जाएगा। 51 हजार 127 बूथों पर बूथ सशक्तिकरण अभियान चलाया जाएगा। 11 अप्रैल को ज्योतिबाफुले दिवस और 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर प्रदेश के सभी शक्ति केन्द्रों पर मनाई जाएगी। कमलोत्सव अभियान की भी शुरूआत की जाएगी। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव ढाणी-ढाणी जाकर पार्टी का प्रचार-प्रसार करेंगे और केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएंगे।
जन आक्रोश अभियान में जिलों में प्रदर्शन करेगी बीजेपी
बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि आगामी दिनों में भाजपा जिलों में जन आक्रोश के माध्यम से कांग्रेस सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में किए गए जन विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। पेपर लीक, बिगडती हुई कानून व्यवस्था, बेलगाम अपराध, महिला सुरक्षा, 2018 के विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने किसानों की कर्जमाफी, बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता, संविदाकर्मियों को नियमितिकरण का वादे को लेकर जनता के समक्ष जाएगी। जोशी ने कहा कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बांटने की राजनीति की है। 1984 में सिख भाई-बहनों का नरसंहार कांग्रेस के शासन में हुआ। आतंकवादियों को प्रश्रय और सरंक्षण कांग्रेस सरकार के समय हुआ। शांतिप्रिय राजस्थान में साढ़े 4 वर्ष में सौहार्द बिगाडने वाले लोगों को सरकार संरक्षण दे रही है। कांग्रेस सरकार के खत्म होता जनाधार के कारण मुख्यमंत्री गहलोत कभी तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं, कभी खालिस्तान की बात करते हैं।
गहलोत के पिछले दो कार्यकाल में 21 और 56 सीटें ही कांग्रेस जीत पाई- जोशी
जोशी बोले- मुख्यमंत्री गहलोत 2023 के विधानसभा चुनाव में 156 सीट जीतने की बात करते हैं, जबकि कांग्रेस के विधायक, मंत्री साढ़े चार साल के कार्यकाल पर प्रश्न चिन्ह उठा चुके हैं,तो सरकार दुबारा बनने की संभावना ही नहीं है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इससे पूर्व के दो बार के कार्यकाल में विधानसभा की 21 और 56 सीटें ही कांग्रेस जीत पाई। राजस्थान की जनता कांग्रेस सरकार को 2023 के विधानसभा चुनाव में जवाब देगी, भाजपा को प्रचंड जनादेश मिलेगा।
बीजेपी प्रदेश पदाधिकारी बैठक में ये नेता मौजूद रहे
प्रदेश पदाधिकारी बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्षों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, राष्ट्रीय महामंत्री, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने संबोधित किया। बैठक में प्रदेश सह-प्रभारी विजया रहाटकर, प्रदेश महामंत्री भजनलाल शर्मा, मदन दिलावर, सुशील कटारा मौजूद रहे।