राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन मैगजीन में राजस्थान से डॉ. सतीश पूनियां सहित देश के 75 विधायकों को स्थान
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
मुम्बई में हो रहे राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में राजस्थान से प्रतिनिधित्व कर रहे बीजेपी के आमेर विधायक सतीश पूनियां विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष भी हैं। उन्होंने कहा-आमेर के विकास कार्यों को देशभर में पहचान मिली है। 'आमेर विकास मॉडल' पूरे प्रदेश और देश में पहचान बना रहा है। मुंबई में आयोजित ‘राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन’ में राजस्थान विधानसभा उपनेता प्रतिपक्ष और भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां शामिल हो रहे हैं, जहां वह 17 जून तक प्रवास पर हैं। ‘राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन’ में देशभर से हजारों विधायक शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन की मैगजीन में उड़ीसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, राजस्थान विधानसभा उपनेता प्रतिपक्ष डॉ. सतीश पूनियां, मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, छतीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे सहित देश के 75 विधायकों को स्थान मिला है।
सीएचसी, पीएचसीज़ स्कूलों को विकसित कर विकास का 'आमेर मॉडल' स्थापित किया-पूनियां
उपनेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने बयान जारी कर कहा कि राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन की इस मैगजीन में देशभर के हजारों विधायकों में से इन 75 विधायकों को अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में किए गए बेहतरीन कार्यों के लिए चयनित किया गया है। मेरे विधानसभा क्षेत्र आमेर में शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में सीएचसी, पीएचसी और स्कूलों को बुनियादी सुविधाओं के साथ विकसित कर विकास का 'आमेर मॉडल' स्थापित किया है, जो पूरे प्रदेश और देश में पहचान बना रहा है। वहीं आमेर क्षेत्र में सड़कों के विकास को लेकर भी खूब कार्य हुए हैं।