अलवर जिले के बहरोड़ में वाहन खड़ा करने को लेकर कल एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तथा होमगार्ड के जवानों के बीच हुई कहासुनी के सिलसिले में एक हेड कांस्टेबल को लाईन हाजिर किया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (जयपुर) में तैनात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देशराज यादव ने अपना निजी वाहन सड़क पर ही रोक दिया। इससे वहां जाम लग गया।
अलवर के पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह ने कहा, ‘‘जब यादव लौटे तो उनकी होमगार्ड के दो जवानों के साथ कहासुनी हुई और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। इस मामले में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए जिम्मेदार एक पुलिस हेड कांस्टेबल को लाईन हाजिर किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच नीमराणा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गयी है। यादव ने भी होमगार्ड जवानों खेमचंद और जीवनराम तथा पुलिस हेड कांस्टेबल धर्मपाल के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इसकी जांच बहरोड़ के क्षेत्राधिकारी को सौंपी गयी है।