राजस्थान के अलवर में पति के सामने पत्नी से सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने शनिवार को आरोपियों के खिलाफ विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी के कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया था और पीड़िता को ब्लैकमेल कर पैसे भी ऐंठे थे। अलवर पुलिस अधीक्षक पारिस अनिल देशमुख ने बताया कि थानागाजी में हुई वारदात में आरोपियों हंसराज, इंद्रराज, महेश, अशोक, मुकेश और छोटेलाल के खिलाफ करीब पांच सौ पेज की चार्जशीट पेश की गई है। इनके खिलाफ अपहरण, मारपीट, छेड़छाड़, निर्वस्त्र करने, जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल, डकैती व सामूहिक दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं।
थानागाजी गैंगरेप पीड़िता अब पुलिस में कांस्टेबल बनेगी। सरकार के स्तर पर उनकी नियुक्ति की पूरी तैयारी कर ली गई है। पीड़िता ने जयपुर सिटी में नियुक्ति मांगी है। पीड़िता व उसके परिवार की सहमति लेने के लिए राज्य सरकार की ओर से शनिवार को महिला पुलिस कांस्टेबल को उसके घर भेजा गया। सरकार ने पीड़िता को दो तरह के ऑप्शन दिए हैं। पहला राजस्थान पुलिस तथा दूसरा जेल पुलिस में कांस्टेबल पद पर नियुक्ति। पीड़िता ने राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल की नौकरी के लिए सहमति दे दी है। उधर, सहमति मिलने के बाद नियुक्ति के लिए कार्यवाही तेज कर दी गई है। देर रात तक उसकी नियुक्ति के आदेश हो सकते हैं।
चुरू के भानीपुरा में शुक्रवार को छह वर्षीय बच्ची के साथ उसके रिश्तेदार द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया। भानीपुरा पुलिस स्टेशन के एसएचओ मल्कियत सिंह ने बताया कि बच्ची पानी लेने गई थी तभी 14 वर्षीय आरोपी उसे एक सुनसान जगह ले गया और वारदात को अंजाम दिया। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं धौलपुर के खुर्द गांव में बृहस्पतिवार को दुष्कर्म की वारदात हुई। महिला थाना धौलपुर के एसएचओ यशपाल सिंह ने बताया कि 8 वर्षीय बच्ची अपने नाना के यहां रह रही थी। उसके साथ 18 वर्षीय परवेश ने दुष्कर्म किया। उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।