प्रधानमंत्री आवास योजना का दूसरा चरण राजस्थान में शनिवार से शुरु हो गया है। बांसवाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस योजना का आगाज किया। बांसवाड़ा में इस योजना में करीब 50 हजार आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर मौजूद है।
आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर वर्ष 2020 तक सबकों आवास उपलब्ध कराने की इस योजना के दूसरे चरण में राजस्थान के कई शहरों को शामिल किया गया है। केन्द्र सरकार की इस योजना में सभी आवासहीन परिवारों को रियायती दर पर आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। यह योजना 25 जून 2015 को प्रारम्भ हुई थी। इसके पहले चरण में देश के 100 शहरों को शामिल किया गया था। दूसरे चरण में 200 शहर शामिल किए गए है। राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में इस योजना के पंजीयन ग्राम पंचायतों के माध्यम से हो रहा है।
चालू वित्तीय वर्ष 2016—17 में राजस्थान में 4.31 लाख परिवारों का पंजीयन इस योजना में करने का लक्ष्य तय है। हालांकि जनवरी तक केवल 1.65 लाख आवासहीन पात्र परिवारों ने ही ग्राम पंचायतों के माध्यम से पंजीकरण कराया है। इस योजना के लिए आवेदन मॉडल आवेदन पत्र के माध्यम से भी किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन किए
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बांसवाड़ा दौरे के दौरान शनिवार को प्रसिद्ध त्रिपुरा सुंदरी के भी दर्शन किए। उन्होंने प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर मौजूद है।