रहवासी इलाके के पास कचरा डालने का जताया विरोध।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के धौलपुर जिले के कोतवाली थाना इलाके के सागरपाड़ा मोहल्ले के पास नगर परिषद की ओर से कचरा डाला जा रहा है। पूरे शहर का कचरा यहां डालने से इलाके के लोगों को बदबू और प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है। इससे परेशान लोगों शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान भीड़ ने कचरा डालने आई गाड़ी को भी रोक दिया। सूचना पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को अश्वासन देकर शांत कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शहर के कचरे को रिसाइकिल करने के लिए नगर परिषद ने मोरोली मोड़ पर डंपिंग यार्ड बनाया गया था। इसके बाद भी पिछले पांच साल से नगर परिषद के कर्मचारी सागरपाड़ा मोहल्ले के सामने कचरा डाल रहे हैं। रिसाइकिल नहीं हो पाने के कारण यहां कचरे के पहाड़ बन गए हैं।
कचरे के अलावा यहां मरे हुए जानवरों के शव भी डाले जा रहे हैं। इससे लगातार बदबू आती रहती है। वहीं, कचरे को नष्ट करने के लिए नगर परिषद के कर्मचारी उसमें आग लगा देते हैं, जिससे इलाके में हमेशा धुंआ बना रहता है जो हवा को प्रदूषित करता है।
लोगों का आरोप है कि इस समस्या को जल्द से जल्द दूर करने की मांग को लेकर आला अधिकारीयों से शिकायत की गई। लेकिन, अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। आखिर में लोगों को प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा। लोगों का कहना है कि नगर परिषद यहां कचरा डालना बंद करे, नहीं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।