उदयपुर में होली के बाद पासपोर्ट कार्यालय खोलने की तैयारी अंतिम चरण में है। यहां पासपोर्ट सेवा केन्द्र खोले जाने की बहुप्रतिक्षित मांग पूरी होने से उदयपुर तथा आसपास के अन्य जिलों के लोगों को पासपोर्ट बनवाने के लिए जयपुर या जोधपुर नहीं जाना पड़ेगा।
उदयपुर शहर के पाठों की मगरी स्थित सुभाषनगर काॅलोनी में पासपोर्ट सेवा केन्द्र यानि पीएसके का भवन तैयार हो चुका है। इसकी साजसज्जा राजस्थानी शैली में होगी। अभी वहां स्टाफ के तकनीकी प्रशिक्षण की तैयारी चल रही है। विदेश मंत्रालय की ग्लोबल स्टेट मैनेजमेंट डिवीजन के अवर सचिव श्याम सुंदर देवानी और अधीक्षण अभियंता प्रीतपाल चंदेल ने यहां हाल ही दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। पीएसके का उद्घाटन के लिए विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह से समय मांगा गया है।
अभी पासपोर्ट बनवाने के लिए जयपुर-जोधपुर आना—जाना पड़ता है। जिस पर काफी पैसा खर्च हो जाता है। यह सुविधा शुरू होने से एक करोड़ रूपए से अधिक सालाना की बचत भी होगी। राज्य के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया भी इस सुविधा को जल्द से जल्द यहां शुरू करना चाहते है। इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।