भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी।
- फोटो : सोशल मीडिया
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने शुक्रवार को सीकर भाजपा कार्यालय में परिवर्तन संकल्प यात्रा की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इस दौरान बैठक में सीपी जोशी ने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा जनआशीर्वाद यात्रा बन गई है। प्रदेश के हर कौने से यात्रा को जनता का अपार समर्थन और स्नेह मिल रहा है। प्रदेश की भ्रष्टाचारी और निकम्मी कांग्रेस सरकार की विदाई हमेशा के लिए तय हो चुकी है। युवाओं और किसानों में वादाखिलाफी को लेकर रोष है।
सीपी जोशी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा प्रदेश के लिए सबसे गंभीर चुनौती बन चुका है। दुष्कर्म और महिला उत्पीड़न के मामले से प्रदेश शर्मशार हुआ है। कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश का विकास रुक हो गया है। यहां देश में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल और बिजली मिल रही है। पिछले कई दिनों से एंबुलेंस कर्मियों की हड़ताल से एबुंलेंस सेवा बंद है। जिससे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा रही है। लेकिन, सरकार को इसकी चिंता नहीं है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस गबबंधन के लोग सनतान धर्म को खत्म करने की बात करते हैं। उन्हें ये नहीं पता कि सनातन को खत्म करने का प्रयास मुगलों, अंग्रेजों ने भी किया था, जिन्हें देश की जनता ने हमेशा के लिए खदेड़ दिया। सनातन संस्कृति को मुगल समाप्त नहीं कर पाए तो कांग्रेस किस खेत की मूली है। सनातन भारत के रग-रग में बसा हुआ है, जिसे ना तो कोई समाप्त कर पाया है और ना कर पाएगा। सांगलिया धूणी श्रद्धा का केंद्र है। जो हिंदू से मुस्लिम बन गए थे, उनको वापस हिंदू धर्म अपनाने का काम धूणी के संतों ने किया है।
नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ ने बैठक में कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार को विदा करने के लिए कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ लगे हुए है और आगे भी लगे रहेंगे। कांग्रेस सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए हम सभी लोग गांव-गांव ढ़ाणी तक जाएंगे। परिवर्तन संकल्प यात्रा को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। जिले में यात्रा के आने पर पूरी मेहनत के साथ पूरी करनी है।