पाली में एक कलयुगी पिता ने अपनी 10 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म कर रिश्तों को तार-तार कर दिया। इस कृत्य की जानकारी पीड़िता के भाई द्वारा अपनी मां को देने पर कई दिनों से चल रहे इस सिलसिले का खुलासा हुआ।
विशिष्ट लोक अभियोजक उपमा रावल के अनुसार पाली के औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने 21 जुलाई 2023 को रिपोर्ट दी थी कि वह सुबह 8 बजे दैनिक मजदूरी पर जाती है और रात को 8 बजे घर लौटती है। मजदूरी पर जाने के दौरान उसकी 10 वर्षीय बेटी और 8 वर्षीय बेटे सहित पति घर पर ही रहते थे। एक दिन उसके पुत्र ने उसे बताया कि जब वह मजदूरी पर होती है तो उसकी अनुपस्थिति में पिता बहन के साथ गंदा काम करते हैं।
बेटे द्वारा पति के कारनामे का खुलासा करने पर उसके होश उड़ गए और इस बारे में जब उसने अपनी पुत्री से पूछा तो वह बहुत घबरा गई। पूछताछ करने पर उसने बताया कि पिता उसके साथ कई बार जबरदस्ती कर चुके हैं और किसी को कुछ भी नहीं बताने के लिए धमकाते हैं। इसी डर के कारण उसने किसी से कुछ भी नहीं बताया।
महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर 14 सितंबर 2023 को कोर्ट में चार्जशीट पेश की। मामले में दोनों पक्षों के वकीलों की बहस और गवाहों के बयान सुनने के बाद गुरुवार को पाली के पॉक्सो कोर्ट संख्या एक के जज सचिन गुप्ता ने फैसला सुनाते हुए आरोपी को 20 साल की सजा सुनाई है।