पाली जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में बुधवार को झाड़ियों में नवजात मिला, जिसका जन्म करीब 24 घंटे पहले हुआ था। अस्पताल ले जाने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बता दें कि पाली शहर की औद्योगिक नगर थाना क्षेत्र पुलिस को नवजात के पड़े होने की सूचना मिलने पर पुलिस अपने हलके में स्थित महादेव बगीची पहुंची तो वहां जलदाय विभाग की पानी की टंकी के पीछे झाड़ियों में नवजात मिला। इस नवजात को तुरंत पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सर्दी से हुई मौत
चिकित्सकों के अनुसार, इस बालक का जन्म करीब 18 से 24 घंटे पहले हुआ है, जिसकी झाड़ियों में सर्दी में खुले में पड़े रहने के कारण मौत हो गई। वहीं, नवजात के शरीर पर झाड़ियों से खरोच के निशान भी आए हैं। फिलहाल, औद्योगिक थाना क्षेत्र में मिले इस नवजात के शव को मोर्चरी में रखवाया है। वहीं, औद्योगिक थाना पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।