जयपुर की शिप्रापथ पुलिस ने लोटस रियल स्टेट ग्रुप के मालिक को गिरफ्तार किया है। बिल्डर ने फर्जी तरीके से खातेदारों की जमीन के आवंटन पत्र अपने नाम कर जमीन बेच दी।
जयपुर के शिप्रापथ थाना पुलिस ने करोड़ों रुपए की भूमि हड़पने के आरोप में नामी बिल्डर और लोटस रियल स्टेट ग्रुप के मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने 100 करोड़ से ज्यादा रुपए की धोखाधड़ी की है।
विज्ञापन
डीसीपी साउथ मृदुल कच्छावा ने बताया कि आरोपी ने फर्जी तरीके से खातेदारों की जमीन के आवंटन पत्र अपने नाम कर के बेच दिया। इस संबंध में परिवादी धन्नालाल रेगर निवासी मांग्यावास ने शिप्रापथ थाने में 25 फरवरी 2022 को मामला दर्ज कराया था। आरोप है कि बिल्डर ने अपने और अपने रिश्तेदारों के नाम पर खातेदारों की जमीन के आवंटन पत्र भी प्राप्त किए। इसके बाद उन्हें विकसित भूमि बताते हुए बेच दिया। जिसके बाद खातेदारों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी की तरफ से जेडीए में प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों पर मौजूद खातेदारों के हस्ताक्षरों का एफएसएल परीक्षण करवाया। एफएसएल परीक्षण में तमाम हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। जिसके बाद शनिवार को महेश जैन को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।