राजस्थान के टोंक जिले में स्थित महिला विश्वविद्यालय वनस्थली विद्यापीठ में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। विवि के हॉस्टल से छात्रा के शव के साथ सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में मृतक छात्रा ने मर्जी से आत्महत्या करने की बात लिखी है। छात्रा बिहार के कटिहार जिले की रहने वाली थी और विद्यापीठ से बीटेक कर रही थी।
उल्लेखनीय है कि छात्राओं की आत्महत्या और छेड़छाड़ को लेकर वनस्थली विद्यापीठ पहले भी चर्चा में रह चुका है। हाल ही में 21 जनवरी को भी एमएससी कर रही बरेली निवासी एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले भी यहां छात्राओं की आत्महत्या की घटनायें हो चुकी हैं। कुछ ही समय पहले विवि में छेड़छाड़ को लेकर छात्राओं ने आंदोलन भी किया था।
मामले के संबंध में पुलिस अधीक्षक एस परिमाला ने बताया कि छात्रा तबीयत खराब होने की बात कहकर कॉलेज नहीं गई थी। दोपहर में जब छात्रायें हॉस्टल आईं तो उसका कमरा बंद मिला। छात्रा के दरवाजा न खोलने पर छात्राओं ने वार्डन को बताया और फिर दरवाजा खुलने पर छात्रा का शव फर्श पर पड़ा मिला। कमरे से ही पुलिस ने एक सुसाइड नोट भी बरामद किया।
छात्रा के कमरे से मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं मानसिक अवसाद में हूं, इस कारण अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रही हूं। इसके लिये कोई और उत्तरदायी नहीं है। एसपी ने यह भी बताया कि गुरुवार को छात्रा का स्टूडेंट पायलट लाइसेंस का परिणाम आया था, जिसमें वह फेल हो गई थी। छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है।