बूंदी में दीवार गिरने से एक की मौत
- फोटो : Social Media
बूंदी जिले के केशवरायपाटन कस्बे में एक मकान की दीवार ढह गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से मलबे में दबे व्यक्ति को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार केशवरायपाटन कस्बे के वार्ड 6 स्थित झरनिया बस्ती में रहने वाले अली खान का कच्चा मकान बारिश के कारण अचानक ढह गया। अली खान (42) पुत्र कलाम खां घर में बने टॉयलेट में गया था। इस दौरान दीवार उस पर गिर गई। हादसे के दौरान उसकी पत्नी और तीन बच्चे कमरे में थे। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने लोगों की मदद से अली खान को मलबे से बाहर निकाला और केशवरायपाटन हॉस्पिटल पहुंचाया। अली खान के सिर में गंभीर चोट लग गई थी। इस कारण उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
एसडीम बलवीर सिंह चौधरी ने परिजनों को सरकार से मिलने वाली आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया। साथ ही महिला को पेंशन दिलवाने और बच्चों को पालनहार योजना में शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।