भीलवाड़ा के सांगानेर में दो युवकों से मारपीट और बाइक जालने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सुभाषनगर थाना पुलिस ने मामले शामिल एक आरोपी को गिरफतार किया है। 9 अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी सोशल मीडिया पर की गई प्रतिक्रिया से खफा था। इस कारण उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।
दरअसल, बुधवार देर रात सांगानेर में दस नकाबपोश बदमाशों ने मुस्लिम समुदाय के दो युवकों के साथ मारपीट कर उनकी बाइक को आग लगा दी थी। इसके बाद इलाके में तनाव के हालात हो गए थे। पुलिस तत्काल इंटरनेट बंद कर हालात काबू में किए। अब यहां के हालात सामान्य है। अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात है और लगातार गश्त कर रहा है।
भीलवाड़ा के पुलिस अधीक्षक आदर्श सिधू ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने दस लोगों को नामजद किया है। इनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि नौ अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ में सामने आया है आरोपियों ने सोशल मीडिया पर किए जा रहे कमेंट्स से आहत होकर यह हमला किया था।
उन्होंने बताया कि बुधवार रात को तीन बाइकों पर सवार दस लोगों ने दो स्थानों पर सद्दाम और आजाद नाम के युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था। आरोपियों ने सद्दाम की बाइक को भी आग लगा दी थी। सूचना पर पुलिस सहित प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मामले की जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और इंटेलीजेंस से मिली सूचना के आधार पर दस लोगों को नामजद किया। एक आरोपी कंहैया पुरी उर्फ काना निवासी सांगानेर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया है कि सोशल मीडिया पर कुछ महीनों से किए जा रहे कमेंट्स को लेकर वह आहत थे। स्थानीय होने के कारण उन्हें पता था कि कर्बला शरीफ के पास समुदाय विशेष के लोग बैठे रहते हैं। इसी के चलते घटना को अंजाम दिया था।