बारां जिले के केलवाड़ा थानाक्षेत्र के ढिकोनी गांव में घर पर सो रहे बुजुर्ग पर अज्ञात बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी। ग्रामीणों से हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एसपी राजकुमार चौधरी ने भी मौका मुआयना किया। एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए।
केलवाड़ा थानाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि थानाक्षेत्र के जखोनी गांव में घर में सो रहे बुजुर्ग हरलाल किराड़ (65) पर अज्ञात बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी है। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग के टीम बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पत्नी से विवाद होने के कारण बुजुर्ग घर पर अकेला रहता था। जहां देर रात को अज्ञात बदमाश घर मे घुस आए। उन्होंने बुजुर्ग के पास घर पर रखी करीब सवा किलो चांदी तथा कुछ नकदी भी चुराई है।
बदमाशों ने बुजुर्ग की हत्या के बाद उसे लहूलुहान हालात में छोड़कर फरार हो गए। सुबह बुजुर्ग का लहूलुहान हालात में शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोपहर बाद एसपी राजकुमार चौधरी एवं एएसपी जिनेन्द्र जैन भी मौका मुआयना करने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की तलाश कर शीघ्र गिरफ्तार करने व मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच घटनास्थल का निरीक्षण किया। शाम करीब चार बजे पुलिस शव को अस्पताल मोर्चरी के लिए लेकर रवाना हुई।
शाहाबाद डीएसपी हेमंत गौतम ने बताया की केलवाड़ा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना पर मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मामले में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।