राजस्थान के नागौर के खींवसर उपखंड में एसीबी ने एक घूसखोर कनिष्ठ तकनीकी सहायत को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सरकारी स्कूलों में किए गए निर्माण कार्य की स्वीकृति देने के लिए ठेकेदार से 48 हजार रुपए की मांग की थी। एसीबी की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते खींवसर पंचायत समिति के कनिष्ठ तकनीकी सहायक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार मामला खींवसर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बिरलोका का है। यहां बिरलोका स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और गुलासर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में ठेकेदार कानाराम ने शौचालय, हॉल और बरामदा का निर्माण किया था। निर्माण कार्य की एमबी भरने और राशि का शीघ्र भुगतान कराने के लिए पंचायत समिति में कार्यरत कनिष्ठ तकनीकी सहायक पूनमचंद सुथार पुत्र प्रभु राम सुथार निवासी बीकानेर हाडा ने ठेकेदार से 48 हजार रुपए की मांग की गई थी।
ठेकेदार ने 10 हजार रुपए आरोप को पहले ही दे दिए थे। 20 हजार रुपए की मांग पर ठेकेदार ने आरोपी की शिकायत नागौर एसीबी कार्यालय में की थी। शिकायत पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर बुधवार को नोटों के साथ ठेकेदार को आरोपी के पास भेजा। उसने रिश्वत के रुपए ले लिए, लेकिन एसीबी टीम के आने की भनक लगने पर उसने राशि को खुर्द-बुर्द कर दी। इसके बाद टीम ने मौके पर आरोपी के हाथ धुलवाए तो उसके हाथों से रंग निकला। इस आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।