राजस्थान सरकार ने अलवर जिले के भिवाड़ी, चूरू के तारानगर और बीकानेर के नोखा में नवसृजित अपर जिला न्यायाधीश न्यायालयों में नवीन पद सृजित किए जाने की मंजूरी दी है। इन अदालतों के लिए अतिरिक्त लोक अभियोजक और राज्य अधिवक्ता के तीन पद, क्लर्क ग्रेड -2 के तीन पद और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के तीन पद सृजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसके प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके साथ ही उपरोक्त कार्यालयों के लिए नए टेबल, कुर्सी, अलमारी और अन्य सामग्री की खरीद की जाएगी। वहीं एक अन्य प्रस्ताव के तहत राज्य के तीन हजार पशु चिकित्सा संस्थानों में मरम्मत और उन्नयन कार्य के लिए 15 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट प्रावधान को स्वीकृति दी है। ये कार्य पशु चिकित्सा रिलीफ सोसायटी के माध्यम से करवाए जाएंगे।