पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की शुरू।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के धौलपुर जिले के नादनपुर पुलिस थाना इलाके में 35 साल की विवाहिता के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। खेत पर घास लेने गई महिला के साथ उसके घर के पड़ोस में रहने वाले युवक ने डरा धमकाकर दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। बाद में पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया।
अपनी रिपोर्ट में पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह रविवार को खेत पर घास लेने के लिए गई थी। घास काटने के बाद वह जंगली सब्जी तोड़ रही थी। इस दौरान उसे अकेला देखकर पड़ोस में रहने वाला युवक वहां आ गया। जिसके बाद उसने डरा धमका कर उसके साथ खेत में ही दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता डरी सहमी घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई। दुष्कर्म की जानकारी लगने पर परिजनों के होश उड़ गए। देर शाम परिजन महिला को लेकर नादनपुर पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है।
थाने के हेड कांस्टेबल राजेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पीड़िता का मेडिकल कराकर उसके बयान ले लिए गए हैं। वहीं, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संबंधित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।