झालावाड़ जिले के भवानीमंडी थाना क्षेत्र में एक पड़ोसी महिला ने चार साल की बच्ची की हत्या कर दी। आरोपी महिला मासूम के चांदी के कड़े चुराना चाहती थी। इसी लालच में उसने बच्ची को मारकर रेत में गाड़ दिया।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार मेहरपुरा गांव में ईश्वर मेहर की चार साल की बेटी चंचल देर शाम घर से लापता हो गई। परिजनों का काफी तलाश किया लेकिन वह नहीं मिली। जिसके बाद उन्होंने बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बच्ची को गांव के घरों में तलाशना शुरू किया तो मासूम के घर से दो-तीन घर छोड़कर ही एक मकान में बच्ची का शव रेत में दबा मिला।
पुलिस ने मकान में रहने वाली महिला से कड़ाई से पूछताछ की तो महिला ने जुर्म कुबूल कर लिया। आरोपी महिला ने बताया कि वह बच्ची के चांदी के कड़े चुराना चाह रही थी। इसी लालच में उसने बच्ची को घर में बुलाकर हत्या कर दी और शव को रेत के ढेर में दबा दिया। बच्ची के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। वहीं मासूम के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।