राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय
- फोटो : अमर उजाला
खेतड़ी के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में अज्ञात चोरों ने विद्यालय के आठ कमरों सहित 10 ताले तोड़कर चोरी की। चोर विद्यालय में रखा सामान चुराकर ले गए।
प्रधानाचार्या मंजू सैनी ने बताया कि मुख्य द्वार सहित आठ कमरों के ताले टूटे हुए हैं तथा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ है। जांच करने पर पता चला की अज्ञात चोर विद्यालय में लगी एक सिंगल फेस की एक मोटर और तांबे की एक घंटी चुरा ले गए। इससे पूर्व भी नौ अक्तूबर की रात में अज्ञात चोरों ने विद्यालय के मिड-डे-मील कक्ष का ताला तोड़कर उसमें से एक गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए थे। इसकी सूचना पुलिस थाना खेतड़ी में दे दी गई है। सूचना पर उप निरीक्षक बनवारीलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विद्यालय में आकर मौका निरीक्षण किया।
लगातार चोरी की घटनाओं से इलाके में दहशत
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके में भी दहशत है और स्थानीय लोगों ने अब पुलिस से भी मांग की है कि जल्द से जल्द इन चोरों की गिरफ्तारी की जाए, जिससे वे राहत की सांस ले सके।