आज सुबह हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला श्रीनाथजी के दर्शन करने नाथद्वारा पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभु श्रीनाथजी के राजभोग झांकी के दर्शन किए। उनके आगमन पर प्रशासनिक अधिकारियों ने न्यू कॉटेज में उनकी अगवानी की और पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला उदयपुर से रवाना होकर पहले एकलिंगनाथ जी पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान एकलिंगजी के दर्शन किए। इसके बाद वे नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर पहुंचे। यहां परंपरानुसार कृष्ण भंडार के अधिकारी सुधाकर शास्त्री ने उन्हें उपरना, रजाई ओढ़ाकर और श्रीनाथजी का प्रसाद भेंट कर उनका स्वागत किया।
राज्यपाल ने प्रभु श्रीनाथजी के दर्शन के बाद प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान से यही प्रार्थना है कि देश सर्वोच्च शिखर को प्राप्त करे और भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ता रहे। हिमाचल प्रदेश में कोई आपदा न आए और वहां के लोग सुख-समृद्धि के साथ जीवन व्यतीत करें।
दर्शन करने के बाद राज्यपाल स्थानीय न्यू कॉटेज पहुंचे, जहां उन्हें पुनः गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कुछ देर विश्राम करने के बाद वे उदयपुर के लिए रवाना हो गए।
राज्यपाल के दौरे को लेकर प्रोटोकॉल के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए थे ताकि सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में कोई कमी न रहे।
इस दौरान जिला कलेक्टर बालमुकुंद आसावा, अतिरिक्त कलेक्टर नरेश बुनकर, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, वृत्त निरीक्षक दिनेश सुखवाल और मंदिर मंडल के मुख्य निष्पादन अधिकारी राजेश जोशी भी मौजूद रहे।