बारां में किसान नेता नरेश मीणा का 10 दिन से जारी अनशन रविवार को समाप्त हो गया। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने जिला अस्पताल पहुंचकर नरेश मीणा की मां प्रेम बाई की मौजूदगी में उन्हें जूस पिलाया। नरेश मीणा किसानों की खाद की कमी समेत विभिन्न मांगों को लेकर अनशन कर रहे थे। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें शनिवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
किसान नेता नरेश मीणा का 10 दिन से चल रहा अनशन रविवार को समाप्त हो गया। शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने बारां जिला अस्पताल पहुंचकर नरेश मीणा की मां प्रेम बाई की मौजूदगी में उन्हें जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। किसान नेता नरेश मीणा किसानों की खाद की कमी समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार पर लगातार दबाव बना रहे थे।
विज्ञापन
2 अक्टूबर को शुरू किया था अनशन
किसान नेता नरेश मीणा ने किसानों की खाद की कमी समेत कई प्रमुख मांगों को लेकर 2 अक्टूबर को बारां में अनशन शुरू किया था। अपनी मांगों के समर्थन में वह 3 अक्टूबर को बारां से जयपुर के लिए ठेले पर सवार होकर रवाना हुए थे।
इसके बाद 7 अक्टूबर को शिवदासपुरा टोल पर पुलिस ने बैरिकेडिंग करके उनके काफिले को आगे बढ़ने से रोक दिया था। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने किसान नेता से वार्ता की। अधिकारियों ने चार दिन में किसानों की समस्या सुलझाने का भरोसा दिया। इस आश्वासन के बाद उन्होंने जयपुर जाना टाल दिया और समर्थकों के साथ अपने गांव लौट आए। हालांकि, गांव लौटने के बाद भी उन्होंने अपना अनशन जारी रखा।
विज्ञापन
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में कराया गया था भर्ती
अनशन के कारण शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर समर्थकों ने किसान नेता नरेश मीणा को बारां जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान भी उन्होंने अपना अनशन जारी रखा था। रविवार को शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी उनका हालचाल जानने बारां जिला अस्पताल पहुंचे।
रविंद्र सिंह भाटी की समझाइश पर अनशन खत्म करने को हुए राजी
अस्पताल पहुंचने के बाद विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने नरेश मीणा से बातचीत की, उनका हालचाल पूछा और उन्हें अनशन खत्म करने के लिए कहा। विधायक की समझाइश पर नरेश मीणा अनशन समाप्त करने के लिए मान गए। इसके बाद भाटी ने उनकी मां प्रेम बाई की मौजूदगी में उन्हें जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।