नागौर के कोतवाली थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय बावरिया गैंग के एक नाबालिग सदस्य को पकड़ कर लगभग 10 लाख रुपये के चोरी हुए सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में सिलसिलेवार हो रही नकबजनी की वारदातों का खुलासा हुआ है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (IPS) के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार तथा वृताधिकारी रामप्रताप विश्नोई के सुपरविजन में थानाधिकारी वेदपाल शिवराण और उनकी टीम द्वारा की गई।
एक ही रात में कई मकानों में चोरी, लाखों का नुकसान
पुलिस के अनुसार, प्रकरण संख्या 309/2025, दिनांक 23 सितंबर 2025 को धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस 2023 के तहत दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता मुलचंद लटियाल (30) निवासी लटियालों की ढाणी, हरिमा (वर्तमान में गुरुकृपा नगर, नागौर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर 14 तोला सोना, चांदी के आभूषण, ₹7 लाख नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।
उसी रात नागौर के गुरुकृपा नगर में चार अन्य बंद मकानों में भी चोरी हुई। इसके अलावा मेडता सिटी में एक मकान और एक किराना दुकान (जाकिर की) का शटर तोड़ा गया। इसी दौरान बबलू के मकान में चोरी और शकील पर हमला करने की वारदात भी सामने आई। कुल मिलाकर सात वारदातें एक ही रात में अंजाम दी गईं।
पुलिस ने बनाई विशेष टीम, बढ़ाई रात्रि गश्त
लगातार वारदातों के बाद पुलिस ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई और विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को बावरिया गैंग के सक्रिय होने के सबूत मिले। पकड़ा गया नाबालिग इसी गिरोह का सदस्य है। पूछताछ में उसने बताया कि गैंग में करीब 10-15 सदस्य हैं, जिनके पास मोटरसाइकिलें हैं। ये लोग दिन में बंद मकानों की रेकी करते हैं और रात को फर्जी नंबर प्लेट या बिना नंबर की गाड़ियों से चोरी करने निकलते हैं।
यह भी पढ़ें- छह महीने की शादी और फिर मौत: संदिग्ध हालत में मिला गर्भवती मनीषा का शव; पेट, जांघों और... पर थीं गहरी चोटें
बावरिया गैंग का चोरी का ये है तरीका
गैंग का काम करने का तरीका बेहद संगठित बताया गया है। चोरी की योजना मुख्य सरगना के डेरे पर बनाई जाती है। 2-3 सदस्य घर में घुसकर चोरी करते हैं, जबकि बाकी बाहर निगरानी करते हैं। वारदात के बाद सभी विपरीत दिशा में फरार हो जाते हैं। अपने बचाव के लिए ये पत्थर और डंडों का इस्तेमाल करते हैं ताकि किसी के पकड़ने की कोशिश करने पर हमला कर सकें।
बरामद आभूषणों से वारदातों का खुलासा
गिरफ्तार नाबालिग से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। इनकी पहचान चोरी के दौरान गायब हुए सामान से की गई है। पुलिस का कहना है कि इस बरामदगी से कई लंबित मामलों का खुलासा हुआ है।
अन्य सदस्यों की तलाश जारी
थाना कोतवाली पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पूरे गिरोह का नेटवर्क उजागर करने के लिए जांच जारी है और शीघ्र ही बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- थप्पड़बाज SDM छोटूलाल: 'पंप वाले को एक थप्पड़ मारा है, मुझे तो 10-10 मारते थे', पहली पत्नी पूनम का गंभीर आरोप