लोकसभा में शुक्रवार को पान मसाला और गुटखा विज्ञापनों पर चल रही चर्चा के दौरान नागौर सांसद एवं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने बॉलीवुड के तीन सबसे बड़े सुपर स्टार्स शाहरुख खान, सलमान खान और अजय देवगन पर करारा हमला बोला। बेनीवाल ने सदन में कहा कि ये तीनों अभिनेता लगातार तंबाकू युक्त पान मसाला और गुटखा ब्रांड्स के विज्ञापन कर रहे हैं, जो युवाओं और बच्चों के लिए खतरनाक उदाहरण पेश कर रहा है।
हनुमान बेनीवाल ने अपने भाषण में कहा- ये तीनों अभिनेता नेशनल अवॉर्ड ले चुके हैं। देश इन्हें सम्मान देता है लेकिन ये पैसे के लिए जनता की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं। मैं मांग करता हूं कि शाहरुख खान, सलमान खान और अजय देवगन से उनका नेशनल फिल्म अवॉर्ड वापस लिया जाए। ये लोग गुटखा और पान मसाला का प्रचार करके लाखों युवाओं को कैंसर की ओर धकेल रहे हैं।
बेनीवाल ने आगे कहा कि सिगरेट-बीड़ी के विज्ञापन पर तो प्रतिबंध है लेकिन सरोगेट विज्ञापन के जरिए तंबाकू कंपनियां खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रही हैं और ये बड़े स्टार्स उनके ब्रांड एम्बेसडर बने हुए हैं। उन्होंने सरकार से अपील की कि तंबाकू उत्पादों के सभी सरोगेट विज्ञापनों पर तत्काल पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए और ऐसे विज्ञापनों में नजर आने वाले सेलिब्रिटीज पर भी कड़ी कानूनी कार्रवाई हो।
बेनीवाल का यह बयान जैसे ही सदन से बाहर आया, सोशल मीडिया पर #NationalAwardWapasLo और #BanGutkhaAds ट्रेंड करने लगे। कई यूजर्स ने बेनीवाल के बयान का समर्थन किया तो कुछ ने इसे स्टार्स की निजी कमाई पर हमला बताया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: अब राजस्थान हाईकोर्ट में बम की धमकी मिली, ईमेल आने के बाद तुरंत चला तलाशी अभियान
तीनों अभिनेताओं की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन पिछले कुछ साल में इनके पान मसाला विज्ञापनों को लेकर लगातार विवाद होता रहा है। बेनीवाल ने सदन में चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अभी कदम नहीं उठाया तो राजस्थान से लेकर पूरे देश में हम जन-आंदोलन चलाएंगे।