हवाई सेवाओं के रद्द होने के कारण बढ़े यात्रीभार को देखते हुए यात्रियों की सुविधा हेतु भारतीय रेलवे द्वारा दो विशेष रेलसेवाओं के संचालन की घोषणा की गई है। इनमें दुर्गापुरा (जयपुर)-बांद्रा टर्मिनस-दुर्गापुरा (जयपुर) स्पेशल रेलसेवा (01 ट्रिप) और हिसार-खड़की-हिसार स्पेशल रेलसेवा (1 ट्रिप) शामिल हैं।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने जानकारी दी कि ट्रेन संख्या 09729 दुर्गापुरा (जयपुर)-बांद्रा टर्मिनस स्पेशल रेलसेवा दिनांक 7 दिसंबर (रविवार) को दुर्गापुरा से 12.25 बजे रवाना होकर अगले दिन 7 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 09730 बांद्रा टर्मिनस-दुर्गापुरा (जयपुर) स्पेशल रेलसेवा दिनांक 8 दिसंबर (सोमवार) को बांद्रा टर्मिनस से 10 बजे रवाना होकर अगले दिन 5.30 बजे दुर्गापुरा पहुंचेगी। यह रेलसेवा वनस्थली निवाई, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानीमंडी, नागदा, रतलाम, वडोदरा, भरूच, सूरत, नवसारी, वलसाड, वापी, पालघर और बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस गाड़ी में कुल 23 कोच होंगे 1 फर्स्ट मय सेकंड एसी, 2 सेकंड एसी, 5 थर्ड एसी, 9 द्वितीय शयनयान, 4 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे इनमें शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: झालावाड़ पुलिस ने नशा तस्करों की कमर तोड़ी, 125 करोड़ की संपत्ति स्थाई रूप से की फ्रीज
ट्रेन संख्या 04725 हिसार-खड़की स्पेशल रेलसेवा दिनांक 7 दिसंबर (रविवार) को हिसार से 5.50 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 12.40 बजे पहुंचेगी और 13.00 बजे प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी सोमवार को 10.45 बजे खड़की पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 04726 खड़की-हिसार स्पेशल रेलसेवा दिनांक 8 दिसंबर (सोमवार) को 17.00 बजे खड़की से रवाना होकर मंगलवार को 14.40 बजे जयपुर पहुंचेगी, 14.50 बजे प्रस्थान कर 22.25 बजे हिसार पहुंचेगी। यह ट्रेन सादुलपुर, लोहारू, चिड़ावा, झुंझुनू, नवलगढ़, सीकर, रींगस, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, गोधरा, वडोदरा, भरूच, सूरत, वलसाड, वापी, बसई रोड, कल्याण, लोणावला और चिंचवड स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस रेलसेवा में कुल 22 कोच होंगे 1 फर्स्ट मय सेकंड एसी, 2 सेकंड एसी, 7 थर्ड एसी, 8 द्वितीय शयनयान, 2 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की वेबसाइट या पूछताछ केंद्र से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें यात्रा में किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।