नागौर जिले के डेगाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब ईड़वा गांव की सरहद पर एक युवक का शव खेजड़ी के पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही डेगाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया।
युवक की मौत से परिजनों में शोक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ईड़वा निवासी दिनेश पुत्र कैलाश राम (मेघवाल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक एक दिन पहले घर से निकला था और उसके बाद से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके अगले दिन उसका शव पेड़ से लटका मिला। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
पढ़ें- थाने में कैसे हुई ASI की मौत?: मेस में फंदे से लटका मिला विष्णु सिंह का शव; घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर डेगाना के राजकीय उप जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हर पहलू से जांच जारी
फिलहाल पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।