नाक की जटिल सर्जरी के बाद मरीज के फोटो
- फोटो : अमर उजाला
नागौर के जेएलएन अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के ईएनटी (नाक, कान एवं गला) और डेंटल विभाग की संयुक्त टीम ने एक जटिल सेप्टोराइनोप्लास्टी सर्जरी सफलतापूर्वक कर मरीज को नई राहत प्रदान की है। इस सर्जरी के माध्यम से मरीज की नाक की संरचना में सुधार करने के साथ-साथ लंबे समय से चली आ रही सांस लेने की समस्या का भी स्थायी समाधान किया गया।
जानकारी के अनुसार कुम्हारी गांव निवासी मोहम्मद वारिस नाक की संरचनात्मक विकृति के कारण लंबे समय से सांस लेने में गंभीर परेशानी का सामना कर रहे थे। समस्या बढ़ने पर उन्होंने नागौर के जेएलएन अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों से संपर्क किया। विस्तृत जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों की टीम ने उनकी स्थिति को देखते हुए सेप्टोराइनोप्लास्टी सर्जरी करने का निर्णय लिया।
ये भी पढ़ें: 'कुछ समाजों को टारगेट कर रही सरकार': पूर्व विधायक गुंजल का आरोप, केडीए के खिलाफ सड़कों पर उतरेगा सर्व समाज
विशेषज्ञ चिकित्सकों की संयुक्त टीम ने आधुनिक तकनीक और विशेष सावधानी के साथ ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। सर्जरी के बाद मरीज की नाक की बनावट में सुधार हुआ है तथा उन्हें सांस लेने में भी काफी राहत मिली है। चिकित्सकों के अनुसार मरीज की स्थिति अब सामान्य है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।
इस उपलब्धि की खास बात यह रही कि यह जटिल कॉस्मेटिक एवं फंक्शनल सर्जरी मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत मरीज को पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को भी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
सर्जरी को सफल बनाने में ईएनटी और डेंटल विभाग की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ऑपरेशन टीम में डॉ. जे.पी. टांक, डॉ. आशुतोष हर्ष, डॉ. सुरेश जाखड़, डॉ. मेहबूब, डॉ. शालिनी गुजराल, डॉ. शादाब, डॉ. संदीप चौधरी और हरीश शामिल रहे। अस्पताल प्रशासन ने इस सफलता को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।