साथ ही करीब 6 तोला सोने के आभूषण सुरक्षा के तौर पर रखने के बाद रकम चुकाने के बावजूद उन्हें वापस नहीं किया गया। पीड़ित ने जान से मारने और मकान पर कब्जा करने की धमकियों का भी आरोप लगाया है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के व्यास कॉलोनी निवासी 54 वर्षीय प्रेमप्रकाश बिहानी पुत्र स्वर्गीय मांगीलाल के साथ साहूकारों द्वारा कर्ज के जाल, अत्यधिक ब्याज, सोने के आभूषण हड़पने और जान से मारने की धमकियों का मामला सामने आया है। पीड़ित ने भारी मानसिक प्रताड़ना झेलने के बाद 23 अगस्त को आत्महत्या का प्रयास किया था। इलाज के बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कारोबार में नुकसान के बाद लिया था कर्ज
पीड़ित के अनुसार, उनका पहले पान-मेथी का बड़ा कारोबार था। भारी नुकसान के कारण उन्होंने जमीन-जायदाद और घर-बार बेच दिया। इसके बाद फास्ट फूड की दुकान शुरू करने के लिए उन्होंने साहूकारों से करीब 15-16 लाख रुपये उधार लिए। इनमें लक्ष्मण गौड़ से 11 लाख, अर्जुन गौड़ से 8.50 लाख, आकाश तिवारी से 1.50 लाख, निखिल कच्छावा से 4 लाख और पवन सोनी से 9 लाख रुपये शामिल हैं।
6 तोला सोना रखने के बाद भी नहीं लौटाने का आरोप
पीड़ित के अनुसार, निखिल कच्छावा को खाली चेक दिए गए थे, जबकि पवन सोनी के पास सुरक्षा के तौर पर करीब 6 तोला सोने के आभूषण गिरवी रखे गए। इनमें नेकलेस, चेन, सात चूड़ियां, मंगलसूत्र, लॉकेट, झुमके और ब्रेसलेट आदि शामिल थे। पवन सोनी को दिए गए 9 लाख रुपये में से 6 लाख रुपये चुकाने के बावजूद आभूषण वापस नहीं करने का आरोप है।
ब्याज पर ब्याज लगाकर रकम बढ़ाने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि सोने के दाम बढ़ने के बाद आरोपियों की नीयत बदल गई। उन्होंने ब्याज पर ब्याज लगाकर मूल रकम को 50-60 लाख रुपये तक पहुंचा दिया और 10 गुना वसूली की धमकी देने लगे। राजेश सांखला और लोकेश सांखला पर धोखे से कचहरी बुलाकर सादे कागजों पर बिना पढ़े हस्ताक्षर करवाने का भी आरोप लगाया गया है।
धमकियों से बढ़ा मानसिक तनाव
पीड़ित के मुताबिक, फोन पर लगातार धमकियां दी जा रही थीं कि पुलिस में शिकायत करने पर जान से मार देंगे और मकान पर कब्जा कर लेंगे। इससे उनका घर से निकलना भी मुश्किल हो गया। गंभीर मानसिक तनाव के बीच 23 अगस्त को उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया। परिवार उन्हें इलाज के लिए जोधपुर ले गया। वर्तमान में वे डिप्रेशन की दवाइयां ले रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
कोतवाली थाना प्रभारी नंदलाल रिणवा ने बताया कि प्रेमप्रकाश बिहानी ने व्यावसायिक जरूरत के लिए उधार लिए पैसे समय-समय पर चुकाए, फिर भी 10-20 प्रतिशत अत्यधिक ब्याज वसूले जाने की शिकायत दी है। प्रताड़ना बढ़ने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा और वे डिप्रेशन में चले गए। मुकदमा सीधे थाने पर दर्ज हुआ है। जांच एएसआई रामकैलाश को सौंपी गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी और सबूत मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपी लक्ष्मण गौड़, अर्जुन गौड़, निखिल कच्छावा, पवन सोनी, राजेश सांखला, लोकेश सांखला और आकाश तिवारी सभी नागौर क्षेत्र के बताए गए हैं। पुलिस जांच में जुटी है और पीड़ित की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।