डीडवाना जिले के नावां थाना क्षेत्र से नाबालिग युवती का अपहरण कर आरोपियों ने उसकी हत्या करके शव को सीकर जिले के दातारामगढ़ इलाके की सूनी झाड़ियों में फेंक दिया। युवती की पहचान होने के बाद उसके भाई ने राकेश सेन निवासी सिगरावट के नाम नामजद मामला दर्ज करवाया है। साथ ही हत्या की खबर मिलते ही युवती के परिजनों ने थाने पहुंचकर घेराव किया।
जानकारी के अनुसार कुचामन, नावां थाना इलाके के गोविंदी गांव की रहने वाली नाबालिग लड़की को एक युवक अपने साथ भगाकर ले गया था। उसके बाद सीकर के दातारामगढ़ इलाके की झाड़ियों में युवती का शव मिला। इस बारे में परिजनों को सूचना दिए जाने के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव लेने से इंकार कर दिया। बाद में जिला पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने बताया कि आरोपी को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।