राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के मुखिया और सांसद हनुमान बेनीवाल अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी को लेकर उनके बोल बिगड़ गए। बेनीवाल ने कहा कि राजनीति करने वालों के दो बाप होते हैं, एक जो पैदा करता है और दूसरा जो राजनीति में बात बनता है। हरीश चौधरी अशोक गहलोत के इंतजार में स्टेशनों पर दो घंटे खड़ा रहता था, पहले वो तय करें कि उसको किसने स्पांसर रखा है।
दरअसल, कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी ने कुछ दिन पहले ही आरएलपी अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल पर जुबानी हमला बोला था। चौधरी ने कहा था कि ये पार्टी सीएम अशोक गहलोत की प्रायोजित है। चौधरी के इस बयान के बाद दोनों नेताओं में जंग तेज हो गई। सांसद हनुमान बेनीवाल लगातार बाड़मेर का दौरे करते रहते हैं। वे हरीश चौधरी पर हमेशा निशाना साधते आये हैं।
शुक्रवार को प्रेस वार्ता करते हुए हनुमान बेनीवाल ने गहलोत सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि सरकार में बैठे जिम्मेदारों के सरक्षण में प्रेदश में भर्ती परिक्षाओं के पेपर आउट हो रहे हैं। इससे युवाओं के सपनों को गहरा आघात लगा है। नकल गिरोह जुगाड़ से चुनिंदा लोगों को पास करवा देते हैं और हर बार सरकार के दावे फेल हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं के पेपर आउट होने का सिलसिला वसुंधरा सरकार के समय से शुरू हुआ था, जो कांग्रेस सरकार में जारी है। सत्ता में बैठे लोगों का पेपर लीक करवाने वाले माफियाओं को सरक्षण है। पेपर आउट करवाने वालों के तार मुख्यमंत्री कार्यालय तक जुड़े होने की बात सामने आई है, लेकिन राजस्थान की नाकाम सरकार अपने लोगों को बचाने के लिए लाखों युवाओं के सपनों का सौदा कर माफियाओं को साथ कर लिया। मेरी मांग है कि पेपर आउट से जुड़े सभी मामलों की जांच सीबीआई से कराई जाए।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था वेंटीलेटर पर है। गंभीर अपराधों में मामले लगातार बढ़ रहे हैं। गृह विभाग का जिम्मा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास है, लेकिन ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि वे प्रदेश तो दूर अपने गृह जिले जोधपुर में भी कानून व्यवस्था संभालने में नाकाम नजर आ रहे हैं। राजस्थान में आए दिन गैंगवार की घटनाएं हो रही हैं।
सांसद ने कहा कि पुलिस का इंटेलिजेंस केवल मुख्यमंत्री के इशारों पर नेताओं की जासूसी करवाने में व्यस्त है। जनता की सुरक्षा से इन्हें कोई सरोकार नहीं है। राजस्थान पूरे देश के अपराधियों की शरण स्थली बना हुआ है।