केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से सांसद दीया कुमारी ने की मुलाकात
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से राजस्थान के राजसमंद से लोकसभा सांसद दीया कुमारी ने मुलाकात की। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र राजसमंद के नए केन्द्रीय विद्यालयों के संबंध में प्रस्ताव स्वीकृत करने की मांग उठाई।
मुलाकात के दौरान सांसद दीया कुमारी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र मेड़ता के मेड़ता शहर, राजसमंद जिला मुख्यालय और भीम के उपखण्ड मुख्यालय में प्रस्तावित नए केन्द्रीय विद्यालयों को खोलने के लिए चुनौती विधि की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
भीम के देवगढ़ केवी स्कूल की लोकार्पण तारीख तय करने की गुजारिश
दीया कुमारी ने केंद्रीय मंत्री प्रधान को बताया कि केन्द्रीय विद्यालय संगठन के क्षेत्रीय कार्यालय जयपुर की ओर से डीपीआर संगठन मुख्यालय में भिजवा दी गई है और अब आगे की कार्रवाई प्रस्तावित है। विधानसभा क्षेत्र भीम के देवगढ़ कस्बे में केन्द्रीय विद्यालय के लिए नई स्कूल बिल्डिंग बनकर तैयार है। इस भवन के लोकार्पण के लिए उन्होंने मंत्री से तारीख तय करने का निवेदन भी किया। सांसद दिया कुमारी ने कहा कि जैतारण में नया केन्द्रीय विद्यालय प्रस्तावित है। संबंधित जिला अधिकारी ने प्रस्ताव केन्द्रीय विद्यालय संगठन को भिजवा दिया है।
बहुत जल्द जरूरी कार्रवाई कर अवगत करवाएंगे-धर्मेंद्र प्रधान
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने वार्ता के दौरान सांसद दीया कुमारी को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस सम्बंध में बहुत जल्द आवश्यक कार्यवाही कर अवगत करवाएंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सांसद कुमारी और उनके साथ आए डेलिगेशन से काफी देर चर्चा की। साथ ही उनके साथ फोटोग्राफ भी खिंचवाए।