नीमराणा थाना क्षेत्र के आरटेक मॉल के ज्वेलरी शोरूम में हुई सोने-चांदी और हीरे-जवाहरात की लूट के 4 आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। ज्वेलरी लूट के आरोपी मोहित जाट (32 साल) निवासी शेखपुर तीतरी थाना महम जिला रोहतक हरियाणा, महानन्द जाट (32 साल), साहिल जाट (23 साल) निवासी मातन थाना आसौदा जिला झज्झर हरियाणा और सन्दीप जाट (30 साल) निवासी मुनीलपुर थाना झज्झर हरियाणा को हरिद्वार से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने चेहरे ढककर इनकी बापर्दा गिरफ्तारी दिखाई है।
ज्वेलर आनंद कुमार सोनी के आरपी सन्स शोरूम में हुई थी लूट
एसपी शांतनु कुमार सिंह ने बताया कि 3 फरवरी को नीमराणा कस्बे में आरटेक मॉल स्थित आरपी सन्स के मालिक आनंद कुमार सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि रात करीब 7:45 बजे वह अपने दो भाइयों के साथ दुकान में था।
उनका पड़ोसी संदीप जाट और उसके 4-5 नकाबपोश साथी हथियार समेत दुकान में घुस गए। उनके हाथों में पिस्टल, कट्टा, कुल्हाड़ी वगैरह हथियार थे। बदमाशों ने उसके भाई के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए फायर किया। स्टोर रूम में रखे सोने-चांदी और डायमंड के आभूषण के साथ नगदी लूटकर ले गए।
रेवाड़ी, बावल, झज्जर, मानेसर दिल्ली समेत संभावित ठिकानों पर भी दी दबिश
घटना की गंभीरता को देखते हुए बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी शांतनु कुमार सिंह ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगराम मीणा, सीओ महावीर सिंह शेखावत के सुपरविजन और एसएचओ सुणी लाल मीणा के नेतृत्व में थाना और डीएसटी से टीम गठित की। थाना नीमराणा, शाहजहांपुर और डीएसटी टीम ने हरियाणा के रेवाड़ी , बावल, झज्जर और मानेसर दिल्ली और अन्य संभावित स्थानों पर दबिश दी। लेकिन वहां आरोपी नहीं मिले।
आखिरकार मुखबिर की सूचना से हुई गिरफ्तारी
डीएसटी टीम के सदस्यों ने घटनास्थल के आसपास के रास्तों की फुटेज चेक की। बदमाशों के आने जाने वाले रास्तों को चिन्हित किया। मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहयोग से गठित टीम ने 4 आरोपियों को मंगलवार को हरिद्वार से दस्तयाब कर पूछताछ के बाद बापर्दा गिरफ्तार कर लिया। इनसे अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। साथ ही जेवरात कहां ठिकाने लगाए यह भी पता लगाया जा रहा है।