पुलिस गिरफ्त में आरोपी मां और उसका प्रेमी।
- फोटो : अमर उजाला
राजसथान के श्रीगंगानगर के हिंदुलमलकोट थाना इलाके के फतुही रेलवे ट्रैक पर 17 जनवरी को 3 साल की बच्ची का शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बच्ची की हत्या उसकी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। बाद में उसके शव को चलती ट्रेन से रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था।
एसपी आनंद शर्मा ने बताया कि मंगलवार 17 जनवरी को 3 साल की बच्ची का शव हिंदुलमलकोट थाना इलाके में लक्ष्मीनारायण वितरिका के पास रेलवे ट्रैक पर मिला था। उसकी हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया था। घटना के खुलासे के लिए एसएचओ संजीव चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मामले की जांच कर पुलिस ने हत्या के आरोप में मूलतः बरगदेई जिला प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश निवासी मां सुनीता देवी पत्नी बिंदेश्वरी उर्फ दिनेश कुमार और सलवन जिला रायबरेली उत्तर प्रदेश निवासी प्रेमी सन्नी उर्फ माल्टा पुत्र रामगोपाल को गिरफ्तार किया है।
एसपी शर्मा ने बताया कि आरोपी मां सुनीता अपने पति दिनेश उर्फ बिंदेश्वरी को छोड़ अपने प्रेमी सन्नी के साथ शास्त्री नगर बस्ती रेलवे अंडर ब्रिज के पास रहती है। सुनीता के 5 बच्चे हैं, तीन बच्चे अपने पिता के साथ और 4 साल खुशबू व 3 वर्षीय किरण मां सुनीता और आरोपी सन्नी के साथ रहती थी। दोनों आरोपी पिछले कई दिनों से बच्चियों को मारने का प्लान बना रहे थे।
योजना के तहत 16-17 जनवरी की रात 3:00 बजे के करीब सुनीता ने तीन साल की किरण की गला घोंट कर हत्या कर दी। बाद में सन्नी की मदद से चादर में शव लपेट कर रात में ही श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन पर जाकर बैठ गए।
जहां से सुबह 6:10 बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ गए। फतुही रेलवे स्टेशन से पहले लक्ष्मीनारायण नहर के पुल से ट्रेन गुजरी तो दोनों ने शव को नहर में गिराने का प्रयास किया, लेकिन शव रेलवे ट्रैक पर गिर गया। दोनों अबोहर रेलवे रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और वहां से वापस आ गए। आरोपियों के कबूलनामे के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।