पंजाब में मूसेवाला की हत्या के बाद से फरार रोहित गोदारा को तीन राज्यों की पुलिस तलाश कर रही है, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा है। उसकी तलाश में पुलिस छापामारी भी कर रही है, और वह इंटरनेट कॉल कर जयपुर के कारोबारियों से फिरौती मांग रहा है। अब गोदरा ने एक कांट्रैक्टर को जान से मारने की धमकी देकर 17 करोड़ रुपए की डिमांड की है। कांट्रैक्टर ने शिप्रापथ थाने में बदमाश के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसके बाद पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मूसेवाला की हत्या करने वाले बदमाशों को लॉरेंस विश्नोई गैंग के गुर्गे रोहित गोदारा ने ही बोलेरो गाड़ी दिलाई थी। जिसे लेकर पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की पुलिस उसे तलाश कर रही है। वहीं, कांट्रैक्टर को धमकी देने के बाद अब राजस्थान पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई है। गोदारा की गिरफ्तार करने के लिए टीम बना दी गई है।
नेशनल हाईवे के कांट्रेक्टर नरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने रोहित गोदरा के खिलाफ केस दर्ज किया था। अपनी रिपोर्ट में नरेंद्र ने शिप्रापथ थाना पुलिस को बताया कि छह मई को इंटरनेट कॉल कर रोहित गोदारा नाम के शख्स ने उनसे 17 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। उसने कहा, शंकर सिंह, संदीप सिंह, शिवराज सिंह और मुश्ताक अली खान मेरे लोग हैं। यह तेरे ऑफिस में पहले भी आए थे, लेकिन तू रुपए नहीं दिए।
अब इन्हें 17 करोड़ रुपये दे दे, नहीं तो ऑफिस में आकर गोली मार दूंगा। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीते दिन बुधवार छह जुलाई को तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके नाम शिवसिंह भलूरी उर्फ शिवाजी, संदीप स्वामी उर्फ सोनू और नवरतन शर्मा हैं। पुलिस का कहना है कि इन तीनों बदमाशों ने ही गोदरा को मोबाइल और सिम दिया था। पुलिसस का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।