प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से दिए अपने पहले भाषण के दौरान केसरिया रंग का राजस्थानी साफा पहना था। राजस्थान भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया कि मोदी ने इस अवसर के लिए जोधपुर से तीन साफे मंगवाए थे। भारतीय जनता पार्टी के गुजरात प्रभारी ओर राजस्थान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ओम माथुर ने इसकी व्यवस्था की थी। माथुर ने जोधपुर से कुछ साफे विमान के जरिए दिल्ली मोदी के लिए मंगवाए थे और इनमें से ही एक मोदी ने पहना था।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि 15 अगस्त के दिन मोदी की ओर से पहना गया साफा जोधपुर के त्रिपोलिया बाजार से खरीदा गया था। मोदी पर जंच रहे इस साफे की चर्चा भी काफी चली। राजस्थान भाजपा से जुड़े सूत्र ने बताया कि ओम माथुर ने केसरिया रंग के खूबसूरत साफों की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी जोधपुर के स्थानीय नेता को दी थी, जिसने तीन साफे पसंद कर विमान के जरिए दिल्ली भेजे थे।