राजस्थान से सबसे अधिक सैनिक देनेवाले शेखावाटी क्षेत्र के सीकर में भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जमकर प्रहार किए।
मोदी ने कहा कि राजस्थान की इस धरती पर रहनेवाली मां अपने बेटों को देश पर कुर्बान करती हैं, वहीं दिल्ली में एक मां है जो अपने बेटे के लिए देश की बलि चढ़ाने में लगी हुई है।
अम्बेडकर जयंती को लेकर उन्होंने कहा कि बाबा साहब के योगदान से बने संविधान में बोलने का अधिकार दिया हुआ है, फिर वे कौन लोग हैं, जिन्होंने प्रधानमंत्री के मुंह पर ताला लगा दिया है?
अम्बेडकर का अपमान बंद करें
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शहजादे (राहुल) बार-बार कहते हैं कि उन्होंने कई कानून दिए हैं।
यदि कांग्रेस देश के कानूनों का सही और पूरी तरह से पालन करती, तो देश की यह स्थिति नहीं होती। कानून देने के नाम पर अम्बेडकर का अपमान बंद होना चाहिए।
राजस्थान, मध्यप्रदेश आदि में हुए विधानसभा चुनाव में दलित, अल्पसंख्यक, आदिवासी भाजपा से जीतकर रहे हैं, लेकिन लेकिन कांग्रेस सुधरने को तैयार नहीं है।
पहला चुनाव जिसमें सत्ता कर रही है गठबंधन
मोदी ने कहा कि आमतौर पर सत्ताधारी के खिलाफ विपक्ष गठबंधन करता है, लेकिन यह पहला चुनाव है, जिसमें सत्ताधारी पार्टी गठबंधन कर रही है कि कुछ भी हो जाए, मोदी नहीं आना चाहिए।
मोदी को रोको। उन्होंने कहा कि यदि 16 मई को परिणाम आने के बाद मोदी आ गया, तो वे जानते हैं, कि उनकी जगह कहां होगी? उन्हें जनता की पाई-पाई का हिसाब देना होगा। कांग्रेस ने सेकुलर का नकाब पहनकर देश को बहुत लूटा है।
चुनाव से पहले हो चुके हैं परिणाम घोषित
मोदी ने कहा कि यह पहला चनाव है, जिसमें दल नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि जनता लड़ रही है। ये पहला चुनाव है, जिसके परिणाम पहले ही आ चुके हैं। दिल्ली की सरकार बच नहीं पाएगी और कौई है नहीं जो उसे बचा पाए। देश में जवान शहीद नहीं हुए, जितने किसानों ने यहां आत्महत्याएं की हैं।