भाजपा के पीएम पद के दावेदार और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान में आयोजित चुनावी रैली के दौरान राहुल गांधी पर चुटीले वार किए।
अलवर में आयोजित चुनावी सभा में मोदी ने कहा, "यहां भीड़ इतनी है कि जगह कम पड़ रही है और कुछ ऐसी चुनावी सभाएं हैं, जहां भीड़ रोकनी पड़ती है, ताकि लोग न भाग जाएं।"
मोदी दिल्ली में रविवार को आयोजित एक चुनावी सभा की ओर इशारा कर रहे थे, जिसमें भीड़ न जुटने के कारण राहुल गांधी को अपना भाषण कुछ मिनटों में ही समेटना पड़ा था।
इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित लोगों से रुकने की अपील कर रही थीं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं था। रैली के आयोजकों को इसे लेकर खूब झाड़ भी पड़ी।
साहेब, युवती और जासूसी पर सियासी संग्राम तेज
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर यूपीए सरकार को घेरते हुए मोदी ने कहा, "शहजादे कह रहे थे हम भ्रष्टाचार में वर्ल्ड चैंपियन है। लेकिन कांग्रेस के बारे में उन्होंने कुछ नहीं कहा, जिसने तीनों लोक में भ्रष्टाचार फैला रखा है।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस के कारनामे ऐसे हैं कि पाताल खा गए और नभ भी खा गए। और जमीन पर तो कुछ छोड़ा नहीं। यह रेल में भी खाते हैं, खेल में भी खाते हैं। खेत में भी खाते हैं, रेत में भी खाते हैं। और तो और इन लोगों ने हवा की तरंगें भी बेच खाईं। गरीब का पैसा विदेशी बैंकों में पड़ा है।"