कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने सचिन पायलट की तुलना कोरोना से कर दी। गहलोत के इस बयान के सामने आने के बाद पायलट गुट के नेता ने पलटवार किया है।
कांग्रेस विधायक वेद प्रकाश सोलंकी ने कहा कि अगर वाकई में कोरोना है और ये जानलेवा है तो जल्द से जल्द टीकाकरण की जरूरत है। अगर, सही समय पर सही टीका नहीं आया तो परिणाम पूरे राजस्थान के लिए घातक होंगे।
इससे पहले शनिवार को पायलट ने सीएम गहलोत का नाम लिए बिना मंच से निशाना साधते हुए कहा था- राजनीति में जो मेरे सामने चुनाव लड़ते हैं, जो मेरा विरोध करते हैं, मैंने हमेशा उनको मान-सम्मान दिया है। मैंने उनकी प्रशासनिक कार्यवाहियों, नीतियों, काम करने के तरीकों और उनके भ्रष्टाचार को उजागर करने का काम किया है। लेकिन मैंने कभी भी अपने विरोधियों के लिए उन शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया, जो शब्द मैं अपने लिए नहीं सुनना चाहता। ये बड़ा अच्छा फॉर्म्यूला है। जो शब्द और बातें आप अपने लिए नहीं सुन सकते, वो औरों को नहीं बोलने चाहिए।
आप सब जानते हो मेरे बारे में क्या-क्या बोला
सचिन पायलट ने फिर बिना नाम लिए गहलोत पर तंज कसा और कहा- पब्लिक सेंटीमेंट पर आप पटखनी दो तो लोग ताली बजाते हैं। किसी का अपमान कर देना, छोटी- मोटी बात बोल देना, आप सब (युवा-स्टूडेंट्स) जानते हो मेरे बारे में क्या क्या बोला ? तो युवाओं की आवाज आई- 'बड़ा कोरोना'। फिर पायलट बोले- जो पहले बोला वो बताओ- फिर से आवाज आई- 'नाकारा और निकम्मा' ।