बदमाश एसबीआई का एटीएम उखाड़ कर ले गए।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के भरतपुर जिले के रूपबास कस्बे में बदमाश एसबीआई का एटीएम उखाड़ कर ले गए। एटीएम में बैंक की तरफ से शुक्रवार को ही 30 लाख रुपये डाले गए थे। एटीएम लूट की सूचना पर रूपबास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस ने एटीएम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में फुटेज खंगाले। इस दौरान कुछ बदमाश एटीएम को उखाड़ कर पिकअप में रखते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश करने की कोशिश कर रही है।
जानकारी के अनुसार घटना रूपबास स्थित धौलपुर बस स्टैंड के पास की है। दो दिन पहले एटीएम में बैंक द्वारा 30 लाख रुपये डाले गए थे। शनिवार देर रात 6 बदमाश करीब 1 बजे एटीएम बूथ पर पहुंचे और रेकी की। इस दौरान एटीएम पर कोई गार्ड मौजूद नहीं था। पिकअप से आए बदमाशों ने एटीएम को रस्सी से बांधकर खींचा और उखाड़कर ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी श्याम सिंह मौके पर पहुंचे है और अधिकारियों से घटना की जानकारी लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।