दवा व्यापारी से मामले की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
चूरू के तारानगर के दवा व्यापारी से 50 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाश ने व्हाट्सएप कॉल कर रकम की मांग की, नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी है। व्यापारी ने फिरौती मांगने की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों से की है।
50 लाख की बड़ी फिरौती का मामला सामने आने के बाद एसपी दीगंत आनंद, डीएसपी ओमप्रकाश गोदारा सहित पुलिस के कई आला अधिकारी तारानगर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर शात दवा व्यापारी रामधन चौधरी के पास अज्ञात नंबर से व्हाट्सअप कॉल आया। कॉल पर बदमाशा ने उनसे 50 लाख रुपए की फिरौती देने की मांग की। चौधरी ने इस बात की जानकारी थाना अधिकारी गोविंद राम विश्नोई को दी। उन्होंने मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी और आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया।
मंगलवार रात पुलिस की टीम ने कागज के नकली नोटों के बंडल बेग में भरकर एक बदमाशों द्वारा बताई जगह पर रखवाए, लेकिन बदमाशों को शक होने पर वह चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में कई जगह छापेमारी की, लेकिन अब तक बदमाश पुलिस गिरफ्त से दूर हैं। इधर, सूत्रों का कहना है कि एसपी दीगंत आनंद कल गुरुवार को इस मामले में खुलासा कर सकते हैं।