भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे में मंगलवार को नाबालिग बच्ची को अगवा कर दुष्कर्म करने और फिर हत्या कर फरार हुए आरोपी नरेश जाटव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद आरोपी नरेश अपने मथुरा स्थित ससुराल में जाकर छिप गया।
जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर कैलाशचंद्र विश्नोई ने बताया गिरफ्तार आरोपी नरेश पुत्र प्रभु जाटव निवासी गांव उटारदा थाना नदबई का रहने वाला है। 3 मार्च को भुसावर निवासी एक महिला ने नरेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 2 मार्च, 2017 को वह अपनी दोनों मासूम बेटियों को घर पर ससुर रामचन्द्र के पास छोड़कर मजदूरी करने चली गई थी। आरोपी नरेश पीड़िता के घर पहुंचा। जहां उसने दुष्कर्म की पीड़िता के दादा रामचन्द्र को शराब पिलाई। रामचंद्र के नशे में होने से उसकी जेब से एक मोबाईल व करीब 3000 रूपये भी चुरा लिए। साथ दो बच्चियों टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। इनमें से छोटी बेटी के साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी।
अगवा हुई बड़ी बेटी को मुक्त करवाया, छोटी की हत्या
दुष्कर्म
- फोटो : demo pic
एसपी विश्नोई ने बताया कि 3 मार्च की शाम को पुलिस ने अपहृत बड़ी बच्ची को खेड़ली से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। जबकि पड़ताल में सामने आया कि आरोपी नरेश ने अपहर्ता दूसरी छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया, फिर उसकी हत्या कर ससुराल भाग गया।
इसके बाद 5 मार्च को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भरतपुर सतीश जांगिड़ के निर्देशन में वृत्ताधिकारी भुसावर वासुदेवसिंह के नेतृत्व में थानाधिकारी थाना भुसावर रामनिवास मीणा, थानाधिकारी थाना हलैना बनेसिंह की एक टीम गठित कर आरोपी नरेश की तलाश में गांव उटारदा, गोवरा, जिला अलवर के गांव सहजपुरा, निठारी, नटनी का बाडा, मालाखेडा तथा जिला मथुरा के गांव उसपार भेजा गया। जहां आरोपी नरेश मथुरा में मंगलवार को पकड़ा गया।