राजस्थान के सैनिक कल्याण राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने खुदके खिलाफ दर्ज अपहरण और मारपीट के मामले में सीएम और गृहमंत्री अशोक गहलोत की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुढ़ा ने कहा- पता नहीं कैसे हमारे गृहमंत्री जो मुख्यमंत्री भी हैं, एक मंत्री के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए था। क्या है उनका ? मुझे पता नहीं, उनसे जाकर विधानसभा में बात पूछूंगा और मैं वैसे भी मिलकर बात करूंगा कि इस तरह से एक मंत्री के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाकर क्या साबित करना चाह रहे हैं ?
राजेंद्र गुढ़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा- जिस वार्ड पंच (ग्राम पंचायत मेंबर) गब्बर सिंह उर्फ दुर्गा सिंह ने अपने साथ मारपीट और अपहरण का आरोप लगाया है, वह नहीं चाहता था कि उसके मोहल्ले में वो बेनकाब हो, इसलिए वो मेरी गाड़ी में आकर बैठ गया था। हाथ तो उसका पहले से ही टूटा हुआ था।
पता नहीं एक्सीडेंट में टूटा या किसी ने तोड़ दिया। लेकिन ऐसे काम काम लम्बा टाइम हो गया है, 20-25 साल पहले ही मैंने छोड़ दिया। पता नहीं कैसे हमारे गृहमंत्री जो मुख्यमंत्री भी हैं, एक मंत्री के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए था। क्या है उनका? मुझे पता नहीं, उनसे विधानसभा में जाकर बात पूछूंगा। मैं वैसे भी मिलकर बात करूंगा कि इस तरह से एक मंत्री के खिलाफ झूठे मुकदमे लगाकर क्या साबित करना चाह रहे हैं?
सीएम को अपने मंत्री पर इतना भी इकबाल नहीं
पायलट खेमे में शामिल हो चुके मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा -किसी विधायक या मंत्री के खिलाफ थाने में सीधे मामला दर्ज हो जाना, सोचने वाली बात है। मेरी पत्नी ने पहले ही कहा था कि पंगे मत लो? सीएम को अपने मंत्री पर इतना भी इकबाल नहीं कि इस मुकदमे से पहले मेरी जानकारी भी ले लेते कि मामला क्या है?
ऊपर वाले लोगों को इस तरह से नहीं करना चाहिए था
गुढ़ा ने कहा- मुझे पता नहीं किस तरीके से यह मुकदमा दर्ज हुआ और क्यों हुआ ? ऊपर वाले लोगों को इस तरह से नहीं करना चाहिए था। 100 परसेंट मैं नीमका थाना गया था। मैंने उस मामले को सीकर SP से भी बात की थी। मैंने SP कुंवर राष्ट्रदीप से भी कहा था कि हो सकता है कोई जरूरत पड़ी तो हम रिपोर्ट दर्ज कराएंगे, हो सकता है हमारे लेवल पर मामला सुलट जाए।
सब कुछ मंडावरा क्षेत्र की महिला ने बता दिया
राजेंद्र गुढ़ा ने कहा- इसके बारे में सब कुछ उस महिला ने बता दिया। जो मेरे मंडावरा क्षेत्र की एक महिला थी, उसकी दो बेटियों की शादी 21 तारीख की है। उस आदमी (दुर्गा सिंह) से मेरी 4-5 बार पहले भी बात हो गई, वो मेरे क्षेत्र का रहने वाला है। मैंने तो अपनी जेब से 3 लाख 84 हजार रुपए उस महिला को शादी के लिए दिए, उस आदमी ने तो उस महिला को सुसाइड के पॉइंट पर पहुंचा दिया था।
क्या है पूरा मामला ?
सचिन पायलट खेमें में आ चुके राजस्थान के सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के खिलाफ गुरुवार को FIR दर्ज हुई थी। आरोप है कि मंत्री ने झुंझुनूं के ककरान गांव में रहने वाले पंच दुर्गा सिंह का बलपूर्वक ना केवल अपहरण किया, बल्कि मारपीट करते हुए कोरे कागज पर हस्ताक्षर भी कराए। इस संबंध में पंच दुर्गा सिंह ने नीमकाथाना पुलिस में केस दर्ज कराया है।
वार्ड पंच (ग्राम पंचायत मेंबर) गब्बर सिंह उर्फ दुर्गा सिंह ने खुदके साथ मारपीट, अपहरण, कोरे कागज पर साइन कराने का आरोप मंत्री पर एफआईआर में लगाया है। वह कांग्रेस का कार्यकर्ता भी बताया जाता है। प्रदेश की गहलोत सरकार ने मामले की जांच तुरंत सीआईडी सीबी को सौंप दी है। पुलिस के मुताबिक यह घटना 27 जनवरी की है। मंत्री गुढ़ा के अलवा उनके पीए कृष्ण सिंह सहित कई अन्य लोगों को भी केस में आरोपी बनाया गया है।