गांव पहुंचा शहीद जवान कालूलाल नागर का पर्थिव शरीर।
- फोटो : Amar Ujala Digital
पश्चिमी बंगाल के पानागढ़ में तैनात राजस्थान के बूंदी जिले के कुम्हरला बालाजी निवासी आर्मी जवान कालू लाल नागर एक हादसे में शहीद हो गए। मंगलवार को फौजी जवान कालू लाल नागर का शव उनके गांव पहुंचा, जहां राजकीय सम्मान के साथ शहीद का अंतिम संस्कार किया गया।
राजस्थान के बूंदी जिले के कुम्हरला बालाजी निवासी आर्मी जवान कालू लाल नागर देश की सेवा के लिए पश्चिमी बंगाल के पानागढ़ में ड्यूटी पर जा रहे थे। इस दौरान ट्रक के टायर में हवा कुछ कम होने का एहसास हुआ। कालू टायर चेक करने नीचे उतरे। वो ट्रक के टायर में हवा भरने लगे इसी दौरान हादसा हो गया। टायर फटने से जवान कालू की मौत हो गई।
फौजी जवान कालू लाल 2019 में सेना में भर्ती हुए थे। डेढ़ माह पहले ही कालू लाल नागर की टीना से शादी हुई थी। हादसे के एक दिन पूर्व टीना से बस में बैठे कालू ने वीडियो कॉल के जरिए बात की थी। टीना की तबीयत खराब थी और उसने कहा मैं जल्दी आ जाऊंगा, लेकिन उनको क्या पता था कि वह देश की सेवा करते करते इस दुनिया से अलविदा कह देंगे।
आज फौजी जवान कालू लाल नागर का शव अपने गांव पहुंचा, जहां पर दिवंगत कालू लाल फौजी जवान के प्रेम और देशभक्ति के जज्बे के पीछे हजारों की संख्या में गांव और आसपास के लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। लोगों की आंखें नम थी, जिसमें सुना सब दौड़े चले आए। पत्नी बहन मां और पिता सभी फ़ौजी जवान कालू लाल नागर के शव से लिपट कर रोने लगे। सभी सदमे में हैं, लेकिन देश की सेवा करते हुए इस दुनिया को छोड़कर चले जाने वाले मां-पिता के बेटे और पत्नी टीना के पति पर परिवारजनों को गर्व भी है। उनका बताया कि देश की सेवा करने का और फ़ौज में जाने का जज्बा उसमें शुरू से ही था।
राजकीय सम्मान के साथ शहीद दिवंगत जवान कालू लाल नागर के शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पुष्प चक्र अर्पित कर कालू को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अंतिम संस्कार के दौरान रेजीमेंट के अधिकारी सहित खेल युवा मामलात मंत्री अशोक चांदना, जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। मृतक भाई को उसके छोटे भाई ने मुखाग्नि दी।