भरतपुर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र में एक विवाहिता संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। ससुराल वालों ने कहा कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मथुरा गेट थाना पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जरहरा निवासी श्याम लाल ने अपनी पुत्री पूजा की शादी भरतपुर के सूरजपोल चौराहा निवासी शिवचरण के पुत्र देवेन्द्र के साथ साल 2015 में की थी। शादी के कुछ समय तक सब कुछ ठीक रहा फिर ससुराल वालों और पूजा में विवाद होने लगा। कई बार समझाइश कर मामला शांत करा दिया गया। लेकिन, रोज-रोज के झगड़ों से परेशान होकर पूजा अपने पीहर चल गई और दो साल तक वहीं रही।
दो महीने पहले पूजा का पति देवेंद्र ससुराल गया और फिर झगड़ा ना होने की बात कहकर पत्नी को वापस भरतपुर ले आया। लेकिन, गुरुवार को दोनों के बीच फिर विवाद हो गया। इसके बाद पूजा ने फांसी लगा ली। सुबह परिजनों ने पूजा का शव फंदे से लटकते देखा तो चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को जिला आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पीहर पक्ष के लोगों के आने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।