राजस्थान में दौसा जिले की मानपुर थाना पुलिस ने नाबालिग से रेप करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी संजय कुमार मीणा (23) थाना क्षेत्र के पिलोड़ी गांव का रहने वाला है। आरोपी पर अश्लील क्लिप बना वायरल करने की धमकी देकर नाबालिग से एक साल में कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है।
घटना के बारे में 14 फरवरी को पीड़िता की मां ने थाना मानपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि एक साल से लगातार आरोपी संजय मीणा डरा धमकाकर उसकी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करता आ रहा है। आज भी संजय अपने दोस्तों के साथ उनके घर आया और नाबालिग लड़की को जबरन उठाकर ले जाने का प्रयास करने लगा। शोरगुल सुनकर पड़ोसी आने लगे तो आरोपी भाग गए। रिपोर्ट पर आईपीसी की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आईजी रेंज उमेश चंद्र दत्ता के निर्देशानुसार, मानपुर सीओ दीपक कुमार मीणा की देखरेख और थानाधिकारी सीताराम सैनी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। अनुसंधान अधिकारी सीओ दीपक कुमार की ओर से पीड़िता के बयान दर्ज करवा मेडिकल करवाया गया। पुलिस टीम मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को नेशनल हाईवे पर पिलोड़ी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।