राजस्थान के झुंझुनूं जिले के गुढा थाना क्षेत्र में रविवार को वन विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने गए वन विभाग के दल के पहुंचने पर एक व्यक्ति ने स्वयं के कपड़ों में आग लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। थानाधिकारी हरदयाल सिंह ने बताया कि आग की घटना में 50 प्रतिशत झुलसे व्यक्ति को उपचार के लिए झुंझुनूं से जयपुर के सवाई मान सिंह चिकित्सालय भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने वाले पुरुषोत्तम सैनी ने वन विभाग की जमीन पर अतिक्रमण कर अपना मकान बना रखा था। विभाग ने उसे वन विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नोटिस दिया था। सिंह ने बताया कि कई बार नोटिस मिलने के बावजूद सैनी ने अतिक्रमण नहीं हटाया। आज वन विभाग का एक दल विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने गया लेकिन सैनी ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली।
उन्होंने बताया कि सैनी के परिजनों ने अतिक्रमण हटाने गये वन विभाग के दल पर पत्थर फेंके। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। सैनी को झुंझुनूं के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों ने 50 प्रतिशत तक झुलसने पर उसे जयपुर के सवाई मानसिंह चिकित्सालय भेज दिया। थानाधिकारी ने बताया कि दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
सैनी के भाई की ओर से वन विभाग के दल में शामिल 30 लोगों के खिलाफ सैनी को प्रताड़ित करने और उसे आत्महत्या के प्रयास के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, वन विभाग ने सैनी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया है।