बीजेपी के प्रदेश महामंत्री और कोटा के रामगंज मंडी से विधायक मदन दिलावर ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करने वालों के खिलाफ विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि देश में कुछ लोगों का दिमाग खराब हो गया है, पागलपन हो गया है। जो राहुल गांधी की तुलना भगवान राम और जगतगुरु शुक्राचार्य से कर रहे हैं। विधायक दिलावर बोले कि ऐसे लोगों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती करवाना चाहिए, ताकि प्रदेश बर्बाद न हो और देश को भी नुकसान न हो।
दिलावर ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला और मंत्री परसादी लाल मीणा दिमागी रूप से डिस्टर्ब हो गए हैं। इनका अच्छे हॉस्पिटल में इलाज कराना जरूरी है। ये लोग भगवान राम और जगतगुरु शुक्राचार्य की ऐसे व्यक्ति की तुलना कर रहे हैं, जो जनसंख्या को रुपयों में बताता है, आटे को लीटर में तोलता है।
इन नेताओं का अच्छे अस्पताल में इलाज कराएं
उन्होंने कहा कि मेरी सोनिया गांधी से गुजारिश है बुढ़ापा खराब मत करिए, आपके बेटे का ठीक से इलाज करवाइए। कांग्रेस के लोगों को कहूंगा कि आप भी अपनी जिंदगी खराब मत करिए, क्योंकि अशोक गहलोत भी उनसे सीख-सीख कर उनके छोटे भाई को गद्दार, मक्कार, नाकारा निक्कमा बताने लग गए हैं। खैर ये इनका घर का मामला है, लेकिन इससे साफ जाहिर होता है कि ये मेंटल डिस्टर्ब हो गए हैं। अशोक गहलोत, परसादी लाल, फारूक अब्दुल्ला के लिए स्वयंसेवी संस्थाओं से निवेदन करता हूं। इन सबको इकट्ठा करके अच्छे हॉस्पिटल में इलाज कराएं, ताकि प्रदेश बर्बाद न हो और देश को नुकसान न हो।