हनुमानगढ़ में बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार सुबह हनुमानगढ़ में पिस्तौल से एक व्यापारी की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग के एक आरोपी को बीकानेर से हिरासत में लिया गया है और दो अन्य आरोपियों की पहचान हो गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार हनुमानगढ़ की धान मंडी में सुबह करीब 8.55 बजे बिना नंबर की बाइक पर आए तीन नकाबपोश बदमाश आए। उन्होंने व्यापारी इंद्र हिसारिया की दुकान पर फायरिंग कर दी। इससे दुकान के शीशे टूट गए। गनीमत रही कि इस फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ है।
फायरिंग की सूचना मिलने पर एसपी डॉ. अजय सिंह, डीएसपी रमेश माचरा और जंक्शन थाना प्रभारी अरुण चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों से घटना के फुटेज जारी किए हैं।
वहीं व्यापारी की दुकान पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग के रितिक बॉक्सर ने ली है। उसने फेसबुक पोस्ट कर ये फायरिंग करवाने का दावा किया है। व्यापारी से कुछ बदमाशों ने लॉरेंस गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने रोष जताया है।